Advertisement

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर रन फॉर यूनिटी मार्च में शामिल हुए कलक्टर-एसपी, युवाओं में दिखा उत्साह

सवाई माधोपुर, 31 अक्टूबर।लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सवाई माधोपुर में “सरदार@150 के तहत आयोजित एकता मार्च” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में जिला कलक्टर काना राम द्वारा सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

 

जिला कलक्टर काना राम एवं पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने पुलिस लाईन परेड़ ग्राउंड से “रन फॉर यूनिटी मार्च” को हरी झण्ड़ी दिखाकर रवाना किया। एकता मार्च पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट, डॉ. अम्बेडकर सर्किल, पुरानी ट्रक यूनियन होते हुए पुनः पुलिस लाइन में संपन्न हुआ। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, एनएसएस एवं एनसीसी कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के साथ पूरे जोश व उत्साह से पैदल मार्च में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने लोगों के दिलों में एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना जगाकर हमेशा राष्ट्रीय एकता को सर्वोपरि रखा। उन्होंने जिस अदम्य साहस और दूरदर्शिता से देश की 562 रियासतों का एकीकरण किया, वह भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनके आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।” इस दौरान जिला कलक्टर काना राम एवं पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार द्वारा पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में पौधारोपण भी किया गया।

जिला कलक्टर ने कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को प्रबल करते हैं तथा युवाओं को सेवा और समर्पण का प्रेरणा स्रोत बनाते हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन में जवानों की संपर्क सभा आयोजित की। इसके साथ ही स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, अतिरिक्त जिला कलेक्टर संजय शर्मा, नगर परिषद आयुक्त देवेंद्र कुमार जिंदल, विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

News 25 & WELLCOME NEWS RAJASTHAN