Advertisement

शहरी सेवा शिविर-2025 के फॉलोअप कैंप्स 3 से 7 नवम्बर तक* 

*शहरी सेवा शिविर-2025 के फॉलोअप कैंप्स 3 से 7 नवम्बर तक*

*सवाई माधोपुर, 31 अक्टूबर* । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में “शहरी सेवा शिविर-2025” के फॉलोअप कैम्पों के आयोजन का निर्णय लिया है। ये कैम्प सोमवार 3 नवम्बर से शुक्रवार 7 नवम्बर तक आयोजित किए जाएंगे।

नगर परिषद आयुक्त देवेन्द्र जिन्दल ने बताया कि सवाई माधोपुर में 3 नवंबर को वार्ड नंबर 1 से 15 के लिए, 4 नवंबर को वार्ड नंबर 16 से 30 के लिए, 6 नवंबर को वार्ड नंबर 31 से 45 के लिए तथा 7 नवंबर को वार्ड नंबर 46 से 60 के लिए नगर परिषद कार्यालय परिसर में शहरी सेवा शिविर-2025 के फॉलोअप कैम्पों का आयोजन होगा।

उल्लेखनीय है कि शहरी सेवा शिविर-2025 का शुभारम्भ 17 सितम्बर 2025 को हुआ था, इन शिविरों में जन्म, मृत्यु, विवाह पंजीकरण, पट्टे, नामांतरण, ट्रेड लाइसेंस, ऋण स्वीकृति जैसे कार्य त्वरित और पारदर्शी रूप से संपन्न किए गए। शिविरों की इस सफलता को आगे बढ़ाते हुए अब राज्य सरकार फॉलोअप कैम्पों के माध्यम से शेष प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करेगी।

राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देशानुसार जिन प्रकरणों में मांग पत्र जारी हो गया है, उनमें शिविर अवधि में प्रदत्त छूट, शिथिलता के अनुरूप राशि जमा की जाएगी साथ ही जिन प्रकरणों में मांग पत्र जारी नहीं हुआ है, उनमें शिविर अवधि की छूट के अनुसार मांग पत्र जारी कर फॉलोअप शिविर के दौरान राशि जमा कर प्रकरण निस्तारित किए जाएंगे। फॉलोअप शिविरों के पश्चात किसी प्रकार की छूट या शिथिलता देय नहीं होगी।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि विभागीय टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी लंबित प्रकरणों का फॉलोअप कैम्पों के दौरान शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी आवेदक को असुविधा नहीं हो। राज्य सरकार के इस निर्णय से नगरीय क्षेत्रों में पारदर्शी, उत्तरदायी और त्वरित सेवा प्रदायगी को नया बल मिलेगा।

—000—

News 25 & WELLCOME NEWS RAJASTHAN